महाराष्ट्र के अलीबाग से टकराया तूफान; महाराष्ट्र के 21 और गुजरात के 16 जिलों में असर, एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
मुंबई. अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान निसर्ग दोपहर करीब 1 बजे महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग में समुद्र तट से टकरा गया। इलाके में करीब 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इसे तट से गुजरने में करीब 3 घंटे का समय लगेगा। महाराष्ट्र के 21 और गुजरात के 16 जिलों में तूफान का असर है। दोनों राज्यों में एनडीआरएफ ने एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इस बीच, मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। उधर, गुजरात के द्वारका में समुद्र में ऊंचा ज्वार उठा। पहले यह तूफान गुजरात के तट से भी टकराने वाला था, लेकिन मौसम विभाग ने बाद में यह अनुमान वापस ले लिया।